एनीमिया
एनीमिया एक ऐसी स्थिति है जो तब होती है जब आपके शरीर में पर्याप्त स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाएँ (RBCs) नहीं होती हैं। RBCs आपके रक्त के वे भाग हैं जो आपके पूरे शरीर में ऑक्सीजन ले जाते हैं। हीमोग्लोबिन नामक एक प्रोटीन आपके RBCs को ऑक्सीजन को अवशोषित करने और छोड़ने की अनुमति देता है। पर्याप्त RBCs या हीमोग्लोबिन के बिना, आपके शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती है। तब एनीमिया के लक्षण हो सकते हैं।

एनीमिया के लक्षण क्या हैं?
एनीमिया वाले कुछ लोगों में कोई लक्षण नहीं होते हैं। लेकिन ज़्यादातर लोगों में ऐसे लक्षण होते हैं जो हल्के से लेकर गंभीर तक होते हैं। एनीमिया के कारण और गंभीरता के आधार पर, लक्षण धीरे या जल्दी दिखाई दे सकते हैं। इनमें निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं:
-
अत्यधिक थकान (फटीग)
-
दुर्बलता
-
पीली त्वचा
-
साँस की तकलीफ़
-
चक्कर आना या बेहोशी महसूस करना
-
हृदय की तीव्र या अनियमित धड़कन
-
सामान्य मात्रा में गतिविधि करने में परेशानी
-
आपकी आँखों, त्वचा या मुँह का पीला पड़ना और गहरे रंग का मूत्र (पीलिया)
-
सरदर्द
-
ठंडे हाथ या पैर
-
छाती में दर्द
-
आपके कानों में तेज़ या धक धक की आवाज़
एनीमिया किस कारण होता है?
एनीमिया तब हो सकता है जब आपका शरीर:
-
अत्यधिक रक्त गवाँ देता है
-
पर्याप्त RBCs नहीं बनाता है
-
आपके RBCs को रिप्लेस करने की तुलना में तेज़ दर से नष्ट करता है
-
आपके RBCs में हीमोग्लोबिन की सामान्य मात्रा नहीं बनाता है
ये समस्याएँ कई कारणों से हो सकती हैं, जिनमें शामिल हैं:
-
ऐसी स्थिति जिसके साथ आप पैदा हुए हैं (जन्मजात या विरासत में मिली)। इसमें सिकल सेल रोग या थैलेसीमिया शामिल हैं।
-
किसी कारण से भारी रक्तस्राव। इसमें चोट, सर्जरी, प्रसव, या यहाँ तक कि भारी मासिक धर्म शामिल हैं।
-
कुछ पोषक तत्वों की कमी होना। इनमें आयरन, फोलेट, या विटामिन B-12 शामिल हो सकते हैं।
-
कुछ दीर्घकालिक (क्रोनिक) स्थितियाँ। इनमें यकृत रोग, मधुमेह, रुमेटॉइड गठिया, या गुर्दे की बीमारी शामिल हैं।
-
कुछ क्रोनिक संक्रमण। इनमें तपेदिक (ट्यूबरकुलोसिस) या HIV शामिल हैं।
-
कैंसर।
-
कुछ दवाओं के प्रति एक्सपोज़र। इसमें कीमोथेरेपी की दवाएँ शामिल हैं।
विभिन्न प्रकार के एनीमिया होते हैं। आपका स्वास्थ्य सेवा प्रदाता आपको हुए एनीमिया के प्रकार के बारे में और इसके क्या कारण हो सकते हैं इस बारे में बता सकता है।
एनीमिया का निदान कैसे किया जाता है?
एनीमिया का निदान करने के लिए, आपका स्वास्थ्य सेवा प्रदाता रक्त परीक्षण का आदेश देता है। इनमें निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं:
-
पूर्ण रक्त कोशिका गिनती (CBC)। यह परीक्षण विभिन्न प्रकार की रक्त कोशिकाओं की मात्रा को मापता है।
-
ब्लड स्मीयर। इस परीक्षण में आपकी रक्त कोशिकाओं के आकार और आकृति की जाँच की जाती है। जाँच करने के लिए, आपके रक्त की एक बूंद को माइक्रोस्कोप के नीचे देखा जाता है। रक्त कोशिकाओं को देखना आसान बनाने के लिए एक स्टेन का उपयोग किया जाता है।
-
आयरन अध्ययन। ये परीक्षण आपके रक्त में आयरन की मात्रा को मापते हैं। आपके शरीर को आपके RBCs में हीमोग्लोबिन बनाने के लिए आयरन की ज़रूरत होती है।
-
विटामिन B-12 और फोलेट अध्ययन। इन परीक्षणों में कुछ ऐसे घटकों की जांच की जाती है जो RBCs को एक सामान्य आकार और आकृति देने में सहायता करते हैं।
-
रेटिकुलोसाइट गिनती। इस परीक्षण में आपकी अस्थि मज्जा द्वारा बनायी जाने वाली नयी छोटी (अपरिपक्व) RBCs की मात्रा को मापा जाता है।
-
हीमोग्लोबिन इलेक्ट्रोफोरेसिस। इस परीक्षण में RBCs में आपके हीमोग्लोबिन के साथ होने वाली समस्याओं की जाँच की जाती है।
-
लैक्टेट डिहाइड्रोजनेस (LDH) और हैप्टोग्लोबिन के स्तर। ये परीक्षण आपके रक्त में LDH और हैप्टोग्लोबिन नामक पदार्थों की मात्रा की जाँच करते हैं। LDH और हैप्टोग्लोबिन दोनों के स्तर एक प्रकार के ऐसे एनीमिया के कारण असामान्य हो सकते हैं जो लाल रक्त कोशिकाओं (हीमोलाइटिक एनीमिया) को नष्ट कर देता है।
-
अस्थि मज्जा एस्पिरेशन और बायोप्सी। ये परीक्षण एक ही समय में पूरे होते हैं और अस्थि मज्जा का मूल्यांकन करते हैं जहां RBCs बनाए जाते हैं।
एनीमिया का उपचार कैसे किया जाता है?
एनीमिया का उपचार एनीमिया के प्रकार, इसके कारण, और आपके लक्षणों की गंभीरता पर आधारित होता है। उपचार में निम्नलिखित शामिल हो सकते हैं:
-
आहार में परिवर्तन। इसमें आपके आहार में कुछ विशेष पोषक तत्वों की मात्रा बढ़ाना शामिल है, जैसे कि आयरन, विटामिन B-12, या फोलेट। आपका स्वास्थ्य सेवा प्रदाता पोषक तत्वों के अनुपूरक भी प्रेस्क्राइब कर सकता है।
-
दवाइयाँ। कुछ विशेष दवाएँ आपके एनीमिया के कारण का उपचार करती हैं। अन्य नए RBCs बनाने या लक्षणों को कम करने में सहायता करती हैं। यदि कोई दवा आपके एनीमिया का कारण होती है तो आपको इसे रोकने या बदलने की ज़रूरत हो सकती है।
-
ब्लड ट्रांसफ्युज़न। आपके कुछ रक्त को बदलने से आपके शरीर में स्वस्थ RBCs की संख्या बढ़ सकती है।
-
सर्जरी। कुछ मामलों में, आपका प्रदाता एनीमिया के अंतर्निहित कारण का उपचार करने के लिए सर्जरी कर सकता है। यदि आपको सर्जरी की ज़रूरत है तो आपका प्रदाता प्रक्रिया को समझाएगा और आपके लिए जोखिमों और लाभों को बताएगा।
दीर्घकालिक चिंताएँ क्या हैं?
यदि आपको खास प्रकार के एनीमिया हैं तो आप उपचार के बाद पूरी तरह से ठीक होने की अपेक्षा कर सकते हैं। यदि आपको अन्य प्रकार के एनीमिया हैं (विशेष रूप से ऐसे प्रकार के जिसके साथ आप पैदा हुए हैं) तो आपको इसे जीवन भर प्रबंधित करने की ज़रूरत होगी। आपका प्रदाता आपको अधिक बता सकता है।
Online Medical Reviewer:
Marianne Fraser MSN RN
Online Medical Reviewer:
Rita Sather RN
Online Medical Reviewer:
Susan K. Dempsey-Walls RN
© 2000-2025 The StayWell Company, LLC. All rights reserved. This information is not intended as a substitute for professional medical care. Always follow your healthcare professional's instructions.